मध्यप्रदेश में जल्द होगी 10 हजार शिक्षकों की भर्ती, CM मोहन यादव के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग ने शुरू की तैयारी

भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में जल्द ही करीब 10 हजार शिक्षकों की भर्ती की जा सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद शिक्षा विभाग ने रिक्त पदों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रमोशन और रिटायरमेंट के बाद बढ़ सकते हैं पद
शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद खाली पदों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा शिक्षा विभाग मार्च 2027 तक रिटायर होने वाले शिक्षकों के पदों की भी गणना कर रहा है।
प्रमोशन और रिटायरमेंट से खाली होने वाले पदों को जोड़कर भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
प्रदेशभर से जुटाई जा रही रिक्त पदों की जानकारी
लोक शिक्षण आयुक्त ने संचालनालय के अधिकारियों को प्रदेशभर में शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। विभाग द्वारा अलग-अलग स्तर पर खाली पदों का आंकड़ा तैयार किया जा रहा है।
CM ने समीक्षा बैठक में मांगी भर्ती की जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की थी। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि नई शिक्षक भर्ती कब शुरू होगी और कितने पदों पर भर्ती की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रमोशन और रिटायरमेंट के कारण खाली होने वाले पदों की जानकारी भी मांगी है। विभाग द्वारा आंकड़े जुटाने के बाद भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।



