National

मणिपुर हिंसा: नगा-कुकी समूहों के बीच झड़प, 20 से ज्यादा घरों में लगाई आग

इंफाल। मणिपुर में एक बार फिर जातीय तनाव ( Manipur Violence) बढ़ गया है। भारत-म्यांमार सीमा से सटे कामजोंग जिले में बुधवार को नगा और कुकी समूहों के बीच हुई सशस्त्र झड़पों में 20 से अधिक घरों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने प्रभावित गांवों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिंसा की शुरुआत सुबह उस समय हुई जब हथियारबंद लोगों ने एक नगा बहुल गांव पर हमला कर करीब 10 घरों में आग लगा दी। इसके बाद दोपहर में हालात और बिगड़ गए।

जवाबी कार्रवाई के दौरान संदिग्ध उग्रवादियों और हथियारबंद ग्रामीण स्वयंसेवकों के बीच झड़प हुई, जिसमें नगा समुदाय के कम से कम 12 अन्य घर भी जला दिए गए। हालांकि, फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना ( Manipur Violence)  की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर भेजी गईं। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और हालात को नियंत्रण में रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन नियंत्रण में है।

मणिपुर ( Manipur Violence)  पिछले कई वर्षों से विभिन्न समुदायों के बीच जातीय और क्षेत्रीय विवादों से जूझ रहा है। मैतेई, कुकी और नगा समुदायों के बीच भूमि, पहचान और राजनीतिक अधिकारों को लेकर लंबे समय से मतभेद रहे हैं। वर्ष 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच भड़की व्यापक हिंसा में 130 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि हजारों परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े थे। ताजा घटना ने एक बार फिर राज्य में शांति और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button