Follow Us on Our Social Media
National

देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट: बिहार के 13 जिले बाढ़ की चपेट में, यूपी में 67 जिलों में बारिश; हिमाचल में 175 सड़कें बंद

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून (MAUSAM) एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पंजाब समेत कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। बिहार में लगातार बारिश के कारण 13 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। पटना में गंगा नदी खतरे के निशान से करीब 2 फीट ऊपर बह रही है। वहीं प्रदेश की 8 नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

बिहार में आज भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को बिहार के 12 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीते दो दिनों से कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। पुनपुन नदी के तेज बहाव से पटना के चंदौसी गांव में कई जगह सड़क बह गई है। प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटा है।

यूपी में 67 जिलों में बारिश की चेतावनी

 उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश (MAUSAM) से कई नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में वरुणा नदी के किनारे रहने वाले 407 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। अब तक 2,910 लोग विस्थापित हो चुके हैं। राहत और बचाव के लिए प्रशासन ने 36 नावें तैनात की हैं। गुरुवार को 67 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जबकि 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खराब मौसम के चलते कई जिलों में स्कूल भी बंद रखे गए हैं।

MP में दो जिलों में रेड अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून सिस्टम मजबूत बना हुआ है। नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छतरपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी और बैतूल में ऑरेंज अलर्ट है। इन क्षेत्रों में 24 घंटे के दौरान 4 इंच से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल में 175 से ज्यादा सड़कें बंद

 हिमाचल प्रदेश में बुधवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई जगह लैंडस्लाइड हुए हैं। इसके चलते 175 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। कालका-शिमला फोरलेन पर भारी मलबा गिरने से कई वाहन रातभर फंसे रहे। प्रशासन ने मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का काम शुरू कर दिया है।

राजस्थान-पंजाब में भी बारिश का दौर

राजस्थान में एक सप्ताह (MAUSAM) से जारी मानसून ब्रेक खत्म होने के बाद कई इलाकों में बारिश हुई। जयपुर, धौलपुर और करौली में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश की संभावना जताई है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी 5 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button