Chhattisgarh

पत्नी से छेड़छाड़ के शक में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की हत्या,पहाड़ में दफनाया शव

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पत्नी से छेड़छाड़ के शक में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की हत्या (MURDER) का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

चांदो थाना क्षेत्र के ग्राम जोड़ाडूमर में युवक को तीन लोगों ने कथित तौर पर पहले हाथ और डंडे से पीटा, फिर जंगल की ओर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को पहाड़ में दफना दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।

पत्नी के साथ जबरदस्ती घुसने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पियारटोली पंचायत के कूरडीह निवासी गया यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि पिछले तीन दिनों से एक अज्ञात मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक गांव और आसपास के इलाके में घूम रहा था।

25 जुलाई की दोपहर जोड़ाडूमर निवासी राजेश कोरवा (32) अपने घर पहुंचा। आरोप है कि उसने युवक (MURDER)  को अपनी पत्नी के साथ गलत नीयत से जबरदस्ती घर में घुसने की कोशिश करते देखा। इस पर राजेश गुस्से में आ गया और उसने युवक को पकड़ लिया।

हाथ-डंडे से पीटा, जंगल में ले जाकर हत्या

आरोप है कि राजेश कोरवा ने राजू कोरवा (39), निवासी पियारटोली और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर युवक की पिटाई की। तीनों ने कथित तौर पर उसके साथ हाथ और डंडे से मारपीट की। इसके बाद युवक को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गए, जहां उसकी हत्या कर दी गई।

घटना के बाद आरोपी अपने-अपने घर लौट गए। पुलिस के अनुसार, मामले की जानकारी बाहर न आए और साक्ष्य छिपाया जा सके, इसके लिए शव (MURDER)  को पहाड़ पर ले जाकर दफना दिया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश

रिपोर्ट के आधार पर चांदो थाने में BNS की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। चांदो थाना और गणेश मोड़ चौकी की पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी राजेश कोरवा और राजू कोरवा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया है।

पुलिस अब शव बरामद करने और तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button