शादी पर जरीन खान की दो टूक, जिंदगी भर रहना चाहती है सिंगल

मुंबई। सलमान खान की फिल्म ‘वीर’ से बॉलीवुड में कदम रखने वालीं अभिनेत्री जरीन खान (Zareen Khan) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं।
हाल ही में एक मीडिया इंटरव्यू में जरीन ने अपनी शादी और रिलेशनशिप को लेकर खुलकर बात की।
उन्होंने बताया कि वह फिलहाल सिंगल हैं और शादी करने का कोई इरादा नहीं है। जरीन का कहना है कि वह अपनी जिंदगी में किसी तरह का अतिरिक्त तनाव नहीं चाहतीं और अकेले रहकर खुश हैं।
‘मुझे अपनी जिंदगी में एक और तनाव नहीं चाहिए’
जरीन खान (Zareen Khan) ने कहा कि वह सिंगल रहकर खुश हैं। उनके मुताबिक, जिंदगी में पहले से ही काफी चीजें चल रही हैं और वह किसी नए रिश्ते को लेकर खुद पर अतिरिक्त दबाव नहीं डालना चाहतीं।
उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति आपकी जिंदगी में आता है तो जरूरी नहीं कि वह आपकी जिंदगी को बेहतर ही बनाए, कम से कम वह परेशानी का कारण नहीं होना चाहिए।
अभिनेत्री ने बताया कि उनकी मां के रहते उनका अधिकांश ध्यान उनकी देखभाल पर रहता था। मां के निधन के बाद अब उन्होंने अपना पूरा फोकस काम और अपनी जिंदगी पर केंद्रित कर दिया है।
शादी के लिए किसी को तलाश नहीं रही
जरीन (Zareen Khan) से जब पूछा गया कि क्या वह कभी शादी नहीं करना चाहतीं, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके मन में शादी को लेकर कोई योजना नहीं है। उन्होंने अपने आसपास के रिश्तों और शादियों को देखते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि अकेले रहकर भी खुश रहा जा सकता है।
अभिनेत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका शादी से दूर रहने का फैसला केवल उनके माता-पिता के रिश्ते के अनुभव पर आधारित नहीं है। उन्होंने कहा कि आसपास जो कुछ देख रही हैं, उससे उन्हें लगता है कि खुद के साथ खुश रहना भी एक बेहतर विकल्प हो सकता है।
शिवाशीष मिश्रा के साथ रह चुका है रिश्ता
जरीन खान की लव लाइफ पहले भी चर्चा में रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ‘बिग बॉस 12’ के कंटेस्टेंट शिवाशीष मिश्रा के साथ करीब तीन साल तक रिलेशनशिप में थीं। हालांकि, बाद में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया।
फिलहाल जरीन का कहना है कि वह किसी पार्टनर की तलाश में नहीं हैं। वह अपनी जिंदगी में खुश हैं और उनका पूरा ध्यान काम और खुद पर है।

