Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियां तेज, 22-23 अक्टूबर को रायपुर और जगदलपुर आएंगी

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति का 22 से 23 अक्टूबर 2026 तक रायपुर और जगदलपुर (बस्तर) दौरा प्रस्तावित है। इसे लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य और परिवहन समेत सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रपति के पूरे प्रवास कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।

रायपुर में इन कार्यक्रमों में होंगी शामिल

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर में लोकभवन और बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

वहीं, जगदलपुर के लालबाग ग्राउंड में बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार और विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में भी राष्ट्रपति के शामिल होने का प्रस्ताव है।

एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था

मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को राष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट, जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और सड़क मार्ग से सुगम आवागमन की जिम्मेदारी संबंधित जिला कलेक्टरों, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गई है।

राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था के साथ अन्य जरूरी प्रबंधों को लेकर भी संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

मेडिकल सुविधा से लेकर बिजली और इंटरनेट तक तैयारी

स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार कार्यक्रम स्थलों पर सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थलों पर मानक के अनुरूप मंच और बैकड्रॉप, निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था, साउंड-लाइट सिस्टम और ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर व इंटरनेट की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े अधिकारी

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह एवं श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया समेत लोकभवन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

इसके अलावा रायपुर और बस्तर के कलेक्टर, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, बीएसएनएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी भी बैठक से जुड़े।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button