आमिर खान करेंगे तीसरी शादी, 5 जुलाई को निजी समारोह में गौरी स्प्रैट संग लेंगे सात फेरे

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 59 वर्षीय आमिर खान अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को एक निजी समारोह में शादी करेंगे। बताया जा रहा है कि दोनों ने रजिस्टर्ड मैरिज के जरिए अपने रिश्ते को औपचारिक रूप देने का फैसला किया है। इस समारोह में केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, आमिर और 47 वर्षीय गौरी स्प्रैट ने हाल ही में शादी का निर्णय लिया है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और अब अपने रिश्ते को नया नाम देने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, लेकिन यह आयोजन पूरी तरह निजी रखा जाएगा और किसी बड़े सार्वजनिक समारोह की योजना नहीं है।
गौरी स्प्रैट पूर्व में शादी शुदा
गौरी स्प्रैट का पिछली शादी से एक सात वर्षीय बेटा है, जिसका नाम क्विन है। उनके दादा फिलिप स्प्रैट ब्रिटेन में जन्मे एक प्रसिद्ध कम्युनिस्ट और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े व्यक्तित्व थे, जिन्होंने भारत में लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भाग लिया था।
आमिर खान की यह तीसरी शादी होगी। उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से विवाह किया था। आमिर और किरण का एक बेटा आज़ाद है। हालांकि दोनों ने वर्ष 2021 में आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा की थी।
5 जुलाई को होगी शादी
रिपोर्ट्स के अनुसार, आमिर और गौरी अपने परिवारों के समर्थन के साथ जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं। 5 जुलाई को होने वाली यह रजिस्टर्ड शादी बेहद सादगीपूर्ण होगी, जिसमें केवल चुनिंदा लोग शामिल होंगे। बॉलीवुड और आमिर खान के प्रशंसकों के बीच इस खबर को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।

