Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: राजनांदगांव और मोहला-मानपुर में 28 अक्टूबर को स्कूलों की छुट्टी, रेलवे ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में प्रशासन अलर्ट हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिलों में 28 अक्टूबर को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

वहीं, संभावित खराब मौसम को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए एडवाइजरी जारी की है।

रेलवे ने यात्रियों के लिए जारी किए दिशा-निर्देश

रेलवे प्रशासन स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्रियों तक जरूरी जानकारी पहुंचा रहा है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और निम्नलिखित सावधानियां बरतें।

* ट्रेन की स्थिति जांचें: यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के परिचालन की ताजा जानकारी लें।

* समय से स्टेशन पहुंचें: खराब मौसम और सड़क यातायात में देरी की आशंका को देखते हुए पर्याप्त समय लेकर निकलें।

* आधिकारिक निर्देशों का पालन करें: स्टेशन पर होने वाली घोषणाओं और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों पर ध्यान दें।

* रेलवे ट्रैक से दूर रहें: ट्रैक पार करने से बचें और निर्धारित यात्री क्षेत्रों में ही रहें।

* जरूरी सामान साथ रखें: मोबाइल फोन चार्ज रखें। आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क की जानकारी साथ रखें।

* फिसलन से सावधान रहें: बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर विशेष सतर्कता बरतें।

* अफवाहों से बचें: ट्रेन के रूट बदलने, देरी या निरस्तीकरण की जानकारी केवल रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करें।

रेलवे ने यात्रियों से की सतर्क रहने की अपील

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से संभावित खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

image 67 7

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button