UPI से 2 लाख स्टार्टअप तक….राजनाथ सिंह का दावा- ‘मोदीनॉमिक्स’ ने बदली देश की सोच, सही रेगुलेशन और बेहतर गवर्नेंस पर दिया जोर

कोलकाता। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के लिए कोलकाता पहुंचे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सरकार की उपलब्धियों, UPI, रक्षा निर्यात, स्टार्टअप और जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया।
‘मोदीनॉमिक्स’ को लेकर क्या बोले राजनाथ
राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार ने जरूरत से ज्यादा रेगुलेशन और कम गवर्नेंस वाली सोच को बदलकर सही रेगुलेशन और बेहतर गवर्नेंस की दिशा में काम किया है। उन्होंने इसे ‘मोदीनॉमिक्स’ बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समझने के लिए भारत को समझना जरूरी है और मोदी की सबसे बड़ी पूंजी लोगों का भरोसा है।
UPI का किया जिक्र
रक्षा मंत्री ने UPI की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि शुरुआत में इसका विरोध हुआ था, लेकिन अब इसके जरिए बड़े पैमाने पर डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि UPI के माध्यम से 23.66 अरब ट्रांजैक्शन हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे सामान बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर्स ने भी UPI के जरिए अपनी आमदनी बढ़ाई है। राजनाथ सिंह ने एक स्टार्टअप द्वारा बनाए गए 3D प्रिंटेड क्रायोजेनिक रॉकेट इंजन को भी उपलब्धि बताया।
100 देश खरीदते हैं भारत के रक्षा उत्पाद
राजनाथ सिंह ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि देश में 2 लाख स्टार्टअप हैं, जबकि 2014 में इनकी संख्या करीब 500 थी। उन्होंने दावा किया कि रक्षा क्षेत्र के निर्यात में 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह आंकड़ा 1.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि भारत के रक्षा उत्पाद 100 देश खरीद रहे हैं।
DBT और सरकारी योजनाओं का भी किया जिक्र
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाया गया, 12 करोड़ शौचालय बनाए गए और 4 करोड़ लोगों को घर दिए गए। उन्होंने महिलाओं के बैंक खातों और DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए सीधे लाभ पहुंचाने का भी जिक्र किया।
उन्होंने दावा किया कि सरकार ने बिचौलियों के जरिए होने वाली लीकेज को रोककर 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि बचाई है।
पश्चिम बंगाल को लेकर किया बड़ा दावा
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य दुनिया का सबसे बड़ा शिप-बिल्डिंग हब बनेगा।
25 साल के सार्वजनिक जीवन का भी जिक्र
राजनाथ सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है और इसके 20 दिन बाद उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होंगे।
उन्होंने बताया कि NDA के सहयोगी दलों ने एक साल तक भारत के विकास के लिए काम करने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप जलाने और विभिन्न सामाजिक कार्यों सहित कुल 12 कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग जनसेवा के लिए समय देंगे, उन्हें भी सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा।



