देशभर में मानसून का असर: मुंबई में 300 मिमी बारिश, 17 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट

दिल्ली। देशभर में मानसून (Monsoon) अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आर्थिक राजधानी मुंबई और उसके उपनगरों में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़क और रेल यातायात बाधित हुआ है, जबकि निचले क्षेत्रों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज बारिश से यातायात व्यवस्था धीमी पड़ी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मुंबई के कुछ हिस्सों में 24 घंटे के दौरान 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। भारी वर्षा के चलते कई प्रमुख सड़कों पर यातायात धीमा पड़ गया।
वहीं मराठवाड़ा क्षेत्र में भी मानसून (Monsoon) की जोरदार एंट्री हुई है, जिससे लंबे समय से सूखे जैसी स्थिति झेल रहे किसानों को राहत मिली है। नासिक, बुलढाणा और जालना जैसे कृषि क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
राजधानी में भी बदला मौसम
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ भारी
बारिश की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी और प्री-मानसूनी गतिविधियों के संयुक्त प्रभाव से उत्तर भारत में गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
17 राज्यों में अलर्ट जारी
आईएमडी (Monsoon) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक समेत 17 राज्यों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उधर, अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई है।
हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता बताए जा रहे हैं। कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

