मानसून ने पकड़ी रफ्तार: MP-CG समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

दिल्ली। देशभर में मानसून (Monsoon) अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अगले 48 घंटों के दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। 30 जून और 1 जुलाई को कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और महाराष्ट्र में मानसून का असर लगातार बना रहेगा। खासतौर पर मध्य प्रदेश में 2 से 4 जुलाई के बीच कई जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ में भी अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
गुजरात में भी मानसून (Monsoon) की रफ्तार तेज होने वाली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 जुलाई के बाद राज्य के कई हिस्सों, खासकर सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में अच्छी बारिश हो सकती है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में मानसून सक्रिय बना हुआ है। वहीं, पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में लगातार व्यापक वर्षा का अनुमान है। कई इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने और जलभराव की स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग (Monsoon) ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। इसके चलते मछुआरों को 3 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों, नदी किनारों और जलभराव वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

