National

MORNING BRIEF: ED का महादेव ऐप पर बड़ा एक्शन, INS महेंद्रगिरि नौसेना में शामिल; पढ़े देश की टॉप 8 प्रमुख खबरें

दिल्ली।  देशभर में शनिवार की सुबह राजनीति, रक्षा, कानून, अर्थव्यवस्था और मौसम से जुड़ी कई अहम खबरें चर्चा (MORNING BRIEF) में रहीं। छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी ने 940 करोड़ रुपए की संपत्तियां कुर्क कीं।

भारतीय नौसेना को अत्याधुनिक स्टेल्थ फ्रिगेट INS महेंद्रगिरि मिला, जबकि ट्राई ने बिना डेटा वाले सस्ते मोबाइल प्लान का प्रस्ताव जारी किया। वहीं, देशभर में मानसून सक्रिय रहने के बीच कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया।

1. महादेव ऐप केस में ED की बड़ी कार्रवाई

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव ऑनलाइन बुक और स्काई एक्सचेंज सट्टा ऐप मामले (MORNING BRIEF) में कारोबारी विकास गर्ग, उनके परिजनों और उनसे जुड़ी कंपनियों की 940.77 करोड़ रुपए की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर लीं।

कार्रवाई में मकान, जमीन, इक्विटी शेयर और अन्य निवेश शामिल हैं। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुर्क की गई कुल संपत्तियों का मूल्य 3,800 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। ईडी का दावा है कि सट्टा नेटवर्क हर महीने 450 करोड़ रुपए से ज्यादा का अवैध कारोबार कर रहा था।

2. भारतीय नौसेना में शामिल हुआ INS महेंद्रगिरि

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विशाखापट्टनम में अत्याधुनिक स्टेल्थ फ्रिगेट INS महेंद्रगिरि को भारतीय नौसेना में शामिल किया। प्रोजेक्ट-17A के तहत तैयार यह युद्धपोत 75% से अधिक स्वदेशी तकनीक से बना है।

इसमें एडवांस मिसाइल सिस्टम, एंटी-सबमरीन वॉरफेयर तकनीक और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम लगाए गए हैं। इस दौरान राजनाथ सिंह ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल को देश का अगला “ड्रोन हब” बनाने की घोषणा भी की।

3. ट्राई का नया प्रस्ताव, सस्ते हो सकते हैं कॉलिंग प्लान

दूरसंचार नियामक ट्राई ने बिना डेटा वाले मोबाइल रिचार्ज प्लान को सस्ता करने के लिए नया ड्राफ्ट (MORNING BRIEF) जारी किया है। प्रस्ताव के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों को हर वैधता अवधि में केवल कॉल और एसएमएस वाले प्लान भी उपलब्ध कराने होंगे।

यदि यह नियम लागू होता है तो ऐसे प्लान मौजूदा डेटा पैक की तुलना में 50 से 70 प्रतिशत तक सस्ते हो सकते हैं। इससे फीचर फोन उपयोगकर्ताओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा।

4. देशभर में मानसून सक्रिय, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

5. पुलिस भर्ती में गर्भवती अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट से राहत

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पुलिस भर्ती के दौरान गर्भवती होने के कारण फिजिकल टेस्ट नहीं दे सकीं महिला अभ्यर्थियों को राहत देते हुए उनकी याचिकाएं दोबारा बहाल कर दीं।

अदालत ने कहा कि गर्भावस्था के आधार पर शारीरिक परीक्षा स्थगित करने के प्रश्न पर अब तक कोई स्पष्ट न्यायिक फैसला नहीं हुआ है। अब मामले की नए सिरे से सुनवाई होगी।

6. राष्ट्रीय महिला आयोग बनाएगा IVF क्लीनिकों के नए नियम

राष्ट्रीय महिला आयोग ने आईवीएफ और एआरटी क्लीनिकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित की है।

समिति की अध्यक्षता दिल्ली हाईकोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश आशा मेनन करेंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के प्रजनन अधिकारों की सुरक्षा, पारदर्शिता बढ़ाना और अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नए मानक तय करना है।

7. प्रेग्नेंसी के आखिरी चरण में दीपिका पादुकोण

बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में हैं। अप्रैल में दूसरी बार मां बनने की घोषणा करने वाली दीपिका अब गर्भावस्था के आखिरी यानी थर्ड ट्राइमेस्टर में पहुंच चुकी हैं।

हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मजेदार मीम शेयर कर अपनी मौजूदा स्थिति का इशारों में जिक्र किया। दीपिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक गर्भवती महिला रात में बाथरूम जाने के लिए उठते समय होने वाली परेशानी से जूझती नजर आती है।

8. सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी

11 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाजार और घरेलू कारोबार के प्रभाव से सोने की कीमतों में नरमी बनी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोना करीब 1.43 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता रहा।

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद और अन्य प्रमुख शहरों में भी सोने के दाम में हल्का बदलाव दर्ज किया गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों के आधार पर कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button