‘रामायण’ के नए पोस्टर्स ने बढ़ाई एक्साइटमेंट, राम-सीता-लक्ष्मण के बाद यश बने रावण; फैंस ने दिए ऐसे रिएक्शन

‘रामायण’ फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे फैंस के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म की रिलीज जैसे-जैसे करीब आ रही है, मेकर्स भी इसके किरदारों के लुक और पोस्टर्स सामने ला रहे हैं। अब फिल्म में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ-साथ रावण के किरदार का पोस्टर भी जारी किया गया है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। पोस्टर्स सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं।
राम-सीता-लक्ष्मण का पोस्टर आया सामने
राम के किरदार में रणबीर कपूर, सीता के रूप में साई पल्लवी और लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे का पोस्टर शेयर किया गया है। तीनों वनवास के दौरान के लुक में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में तीनों के चेहरे पर सौम्यता और एक-दूसरे के प्रति भावनात्मक जुड़ाव दिखाई दे रहा है।
‘द वर्ल्ड ऑफ रामायण’ ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा- ‘धर्म में हमेशा साथ।’ पोस्टर पर फैंस ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने इसे बेहद खूबसूरत बताया, जबकि दूसरे ने लिखा, ‘ये हुई ना बात।’ वहीं एक अन्य फैन ने इसे ‘माइंड ब्लोइंग पोस्टर’ बताया।
यश के रावण लुक ने खींचा ध्यान
दूसरी ओर, फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे यश का पोस्टर भी जारी किया गया है। पोस्टर के साथ लिखा गया- ‘तीनों लोक का शासक- रावण।’
पोस्टर में यश का किरदार बेहद प्रभावशाली और आक्रामक अंदाज में दिखाई दे रहा है। उनकी बॉडी लैंग्वेज में रौब और आत्मविश्वास नजर आता है। फैंस ने पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे शानदार बताया। एक यूजर ने लिखा, ‘वाह, ये तो गजब है’, जबकि एक अन्य ने यश के लुक को अब तक का सबसे खूंखार रावण बताया।
कुछ फैंस ने जताई निराशा
जहां कई फैंस पोस्टर्स की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों की प्रतिक्रियाएं नकारात्मक भी हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि नए पोस्टर्स में ऐसा कुछ खास नया नहीं है, जिससे फिल्म को लेकर उनकी उत्सुकता और बढ़े।
दो पार्ट में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म का पहला पार्ट 2026 की दिवाली के दौरान रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली पर रिलीज किया जाएगा।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं और इसकी लागत करीब ₹4,000 करोड़ बताई जा रही है। फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़े बजट वाली परियोजनाओं में से एक के तौर पर पेश किया जा रहा है।



