Follow Us on Our Social Media
International

मरियम नवाज के ‘पड़ोसी प्रांतों’ वाले बयान पर पाकिस्तान में बवाल, मंत्री अजमा बुखारी बोलीं- बेवजह ‘इंडिया कार्ड’ खेला गया

लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के सुरक्षा को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ गया है। उनके बयान पर पाकिस्तान में शुरू हुई बहस के बीच पंजाब की सूचना मंत्री अजमा बुखारी ने सफाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया और उसे अनावश्यक रूप से राजनीतिक तथा प्रांतीय रंग दे दिया गया।

‘मरियम के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया’

अजमा बुखारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने आतंकवाद को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि मरियम का आशय किसी पड़ोसी देश से खतरे से नहीं, बल्कि पाकिस्तान के दूसरे प्रांतों से पंजाब में प्रवेश करने वाले आतंकवादियों से था।

बुखारी ने कहा कि मुख्यमंत्री को अच्छी तरह पता है कि पाकिस्तान को किसी पड़ोसी देश से खतरा नहीं है। उन्होंने मरियम के बयान को लेकर उठे विवाद को अनावश्यक बताया।

‘बयान पर इंडिया कार्ड खेला गया’

पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि मरियम नवाज के बयान को बेवजह राजनीतिक और प्रांतीय मुद्दा बनाया गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर मुख्यमंत्री के बयान में आपत्ति वाली क्या बात थी।

अजमा बुखारी ने आरोप लगाया कि इस मामले में ‘इंडिया कार्ड’ खेला गया और बयान को गलत संदर्भ में पेश कर विवाद खड़ा किया गया।

पंजाब में आंतरिक सुरक्षा पर सरकार का जोर

बुखारी ने पंजाब सरकार की ओर से आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आतंकवादियों तथा प्रतिबंधित संगठनों पर नजर रखने वाली क्राइम कंट्रोल डिपार्टमेंट (CCD) का मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने पुनर्गठन किया है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पूरे पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आतंकवाद से जुड़े खतरों पर प्रभावी निगरानी रखना है।

मरियम ने क्या कहा था?

मरियम नवाज ने पिछले सप्ताह लाहौर में आयोजित एक AI हब के उद्घाटन के दौरान पंजाब की सुरक्षा स्थिति पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि पंजाब को पड़ोसी देशों की तुलना में पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा सुरक्षा खतरा है।

उन्होंने दावा किया था कि आतंकवादियों की पंजाब में घुसपैठ प्रांतीय सीमाओं के जरिए होती है। मरियम के मुताबिक, पंजाब पर सभी की नजर है, लेकिन राज्य फिलहाल सुरक्षित है और सरकार सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए काम कर रही है।

बयान के बाद शुरू हुई राजनीतिक बहस

मरियम नवाज के इस बयान के बाद पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। उनके बयान को कुछ लोगों ने प्रांतीय राजनीति से जोड़कर देखा। इसके बाद पंजाब सरकार की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया।

अजमा बुखारी ने साफ किया कि मुख्यमंत्री का बयान किसी पड़ोसी देश के खिलाफ नहीं था, बल्कि पाकिस्तान के भीतर से पंजाब में आने वाले आतंकवादियों से जुड़े खतरे को लेकर था। उन्होंने कहा कि बयान को गलत अर्थ देकर विवाद खड़ा किया गया।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button