पंडित प्रदीप मिश्रा ने अमित शाह को बताया ‘कलयुग में शंकर का अवतार’, कांग्रेस नेता ने की आपत्तिजनक टिप्पणी

रायपुर। मशहूर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिया गया एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रदीप मिश्रा ने अमित शाह को ‘कलयुग में शंकर का अवतार’ बताया। वीडियो को छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता अजय साहू ने सोशल मीडिया पर साझा किया और प्रदीप मिश्रा पर तीखी टिप्पणी की।
अजय साहू ने वीडियो शेयर करते हुए कथावाचक पर निशाना साधा और उन्हें ‘सनातन के ठेकेदार’ बताते हुए आरोप लगाया कि ऐसे लोग भगवा की आड़ में भाजपा के एजेंट और प्रचारक के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने हिंदुओं से ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील भी की।
यह भी पढ़ें – IIT बॉम्बे टॉपर ने KBC में जीते 50 लाख,
एक साल पुराना बताया जा रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में पंडित प्रदीप मिश्रा पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए अमित शाह की तुलना भगवान शंकर से करते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा था कि अमित शाह शांत और मौन रहते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर उनका ‘तांडव’ भी देखने को मिलता है।
वीडियो के दोबारा वायरल होने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता की टिप्पणी और प्रदीप मिश्रा के पुराने बयान को लेकर दोनों पक्षों के समर्थक अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।



