सेशेल्स पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति के साथ की मुलाकात, राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे। राजधानी विक्टोरिया में सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने मुलाकात के बाद नेशनल बॉटनिकल गार्डन का दौरा किया और वहां अल्डाबरा प्रजाति के विशाल कछुओं को खाना भी खिलाया।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 29 जून को सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही वह सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी बनेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) विजन का अहम साझेदार है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत और सेशेल्स के राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग को नई मजबूती देने पर चर्चा होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य भारत-सेशेल्स संबंधों को और मजबूत करना, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा बढ़ाना तथा साझा विकास और समृद्धि के लक्ष्य को आगे बढ़ाना है।
प्रधानमंत्री मोदी भारतीय मूल के लोगों से भी मुलाकात करेंगे, जिन्होंने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
भारत और सेशेल्स के बीच संबंध सदियों पुराने हैं। वर्ष 1770 में यहां पहली स्थायी बस्ती बसने के समय पांच भारतीय भी वहां पहुंचे थे। बाद में बिहार, तमिलनाडु और गुजरात से बड़ी संख्या में भारतीय सेशेल्स में जाकर बसे। आज देश की करीब 1.20 लाख आबादी में हर आठवां नागरिक भारतीय मूल का है। राष्ट्रपति वेवेल रामकलावन के पूर्वज भी बिहार के गोपालगंज से जुड़े रहे हैं, जिससे दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते और भी मजबूत माने जाते हैं।

