International

PoJK में प्रदर्शन तेज, खाद्य आपूर्ति रोकने के आरोप; पाकिस्तान सरकार पर उठे सवाल

पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में महंगाई, टैक्स और प्रशासनिक नीतियों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के नेतृत्व में लोग लगातार सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने इलाके में खाद्य सामग्री और जरूरी सामान की आपूर्ति रोक दी है। दावा किया जा रहा है कि इस्लामाबाद से PoJK के लिए राशन लेकर जा रहे कई ट्रकों को पिछले सात दिनों से सीमा पर रोक दिया गया है, जिससे कई इलाकों में आवश्यक वस्तुओं की कमी होने लगी है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह कदम आंदोलन को कमजोर करने और लोगों पर दबाव बनाने के लिए उठाया गया है। उनका आरोप है कि खाद्य आपूर्ति प्रभावित होने से आम नागरिकों को रोजमर्रा की जरूरत की चीजें जुटाने में परेशानी हो रही है।

हालांकि, पाकिस्तान सरकार की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर सीमा पर खड़े ट्रकों के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, लेकिन उनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस बीच PoJK के ‘प्रधानमंत्री’ फैसल मुमताज राठौर और पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बीच भी बयानबाजी तेज हो गई है। फैसल मुमताज ने आरोप लगाया कि कश्मीरी पहचान को लेकर की गई कथित टिप्पणियां लोगों के बीच विभाजन पैदा करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को अपनी पहचान के लिए इस्लामाबाद से किसी मान्यता की जरूरत नहीं है।

फिलहाल, क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और विरोध-प्रदर्शन जारी हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button