National

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने की ‘हरगिला सेना’ की सराहना, दुर्लभ पक्षी संरक्षण की बताई प्रेरक कहानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में असम के दुर्लभ हरगिला पक्षी और उसके संरक्षण में जुटी ‘हरगिला सेना’ की सराहना की. उन्होंने कहा कि यह पक्षी प्रकृति को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाता है, लेकिन लंबे समय तक इसे अशुभ मानकर लोगों ने नजरअंदाज किया.

पीएम मोदी ने बताया कि असम के कई इलाकों में लोग हरगिला को अपशगुन मानते थे. यहां तक कि जहां इस पक्षी के घोंसले होते थे, उन पेड़ों को भी काट दिया जाता था. उन्होंने कहा कि पर्यावरण के लिए उपयोगी होने के बावजूद यह पक्षी गलत धारणाओं का शिकार रहा.

उन्होंने बताया कि जीवविज्ञानी पूर्णिमा देवी बर्मन ने स्थानीय महिलाओं के साथ मिलकर लोगों को वैज्ञानिक तथ्यों के जरिए जागरूक किया. इसके बाद हजारों ग्रामीण महिलाएं इस अभियान से जुड़ीं और ‘हरगिला सेना’ बनाकर इस दुर्लभ पक्षी के संरक्षण का जिम्मा संभाला.

पीएम मोदी ने कहा कि आज वही हरगिला, जिसे कभी अपशगुन माना जाता था, गांवों की पहचान बन गया है. उन्होंने इस पहल को सामुदायिक भागीदारी और जागरूकता की शानदार मिसाल बताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ जैव विविधता की रक्षा हुई, बल्कि समाज में वर्षों से चली आ रही गलत धारणाएं भी बदलीं.

हरगिला नाम असमिया भाषा के दो शब्दों ‘हर’ (हड्डी) और ‘गिला’ (निगलना) से मिलकर बना है. यह पक्षी मृत जीवों के अवशेष खाकर पर्यावरण को साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button