संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी प्रशंसा पांडे, रवाना होने से पहले बिलासा कन्या महाविद्यालय में हुआ सम्मान

बिलासपुर। संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं प्रशंसा पांडे को उनके महाविद्यालय शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं। महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों ने उनका अभिनंदन किया।
2 अक्टूबर को संसद भवन में करेंगी प्रतिनिधित्व
प्रशंसा पांडे का चयन 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता हैं। इसके अलावा वे विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी राज्य स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज करा चुकी हैं।
प्रशंसा पिछले दो वर्षों से नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
Youth Icon के रूप में राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता
युवा नेतृत्व के क्षेत्र में प्रशंसा पांडे को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से Youth Icon की उपाधि भी प्राप्त है। Youth Icon के रूप में उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता की है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने Youth Icon के रूप में भाग लिया है।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे को उनके राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संसद भवन में बिलासपुर की बेटी द्वारा छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक अवसर माना जा रहा है।
बिलासपुर की बेटी- छत्तीसगढ़ का गौरव।


