बिलासपुर-पेंड्रा हाईवे पर धान रोपकर प्रदर्शन, सड़क की बदहाली पर कांग्रेस ने घेरा

बिलासपुर-रतनपुर से पेंड्रा-केंवची तक बन रहे नेशनल हाईवे-45 की खराब हालत को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध जताया। प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला। इस दौरान सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
बिलासपुर-पेंड्रा हाईवे पर धान रोपकर प्रदर्शन:97 किलोमीटर सड़क पर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
बिलासपुर-रतनपुर से पेंड्रा-केंवची तक करीब 97 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 510 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। लगातार बारिश के बाद निर्माणाधीन सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। कई जगह नई बनी सड़क उखड़ गई है, जबकि कुछ हिस्सों में दरारें भी दिखाई दे रही हैं। आरोप है कि इन दरारों को मुरूम डालकर ढंक दिया गया।
निर्माणाधीन हिस्सों में बनाए गए डायवर्सन रास्ते भी बारिश के बाद कीचड़ और दलदल में बदल गए हैं। इससे बड़े वाहनों के फंसने के कारण कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बिलासपुर से पेंड्रा का सफर, जो सामान्य तौर पर करीब तीन घंटे में पूरा होता था, अब छह से आठ घंटे तक लग रहा है।
बिलासपुर-पेंड्रा हाईवे पर धान रोपकर प्रदर्शन:35 साल पुराना पुल टूटने के बाद बढ़ी परेशानी
इसी नेशनल हाईवे पर 2 अगस्त को करीब 35 साल पुराना पुल दो हिस्सों में टूट गया था। इसके बाद यातायात को कई वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया। बारिश के बीच इन रास्तों की हालत खराब होने से यात्रियों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
प्रदर्शन के दौरान विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढे तत्काल भरने, निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और सड़क की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर टेंडर निरस्त कर नए सिरे से काम कराने की मांग भी रखी।
यह भी पढ़े :-बिलासपुर में पहली बार चेंबर की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक, उद्योग-व्यापार की समस्याओं और समाधान पर मंथन
प्रदर्शन की सूचना पर कोटा एसडीएम नितिन तिवारी, तहसीलदार रतनपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क की बदहाली से लोगों को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़े आंदोलन करेंगे।



