क्वीन-2 रिलीज से पहले कानूनी विवाद में फंसी
शूटिंग पूरी, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन में बढ़ी मुश्किलें

मुंबई | अभिनेत्री कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘क्वीन 2’(Queen 2) रिलीज से पहले ही कानूनी विवादों में घिर गई है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है, लेकिन इसी दौरान फिल्म के अधिकारों को लेकर विवाद बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक, फिल्म ‘क्वीन’ (2014) से जुड़े अधिकारों का दावा करने वाले Phantom Studios ने फिल्म का निर्माण कर रहे JioStar के खिलाफ 250 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए याचिका दायर की है। साथ ही ‘क्वीन 2’(Queen 2) की रिलीज पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।
क्या है पूरा विवाद?
फैंटम स्टूडियोज का कहना है कि वर्ष 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘क्वीन’ के इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (IP) राइट्स का एक महत्वपूर्ण हिस्सा और उसके सीक्वल से जुड़े अधिकार उनके पास हैं। कंपनी का आरोप है कि नई फिल्म बनाने से पहले उनकी अनुमति नहीं ली गई, जबकि ऐसा करना आवश्यक था।
जियोस्टार ने दावों को बताया बेबुनियाद
वहीं जियोस्टार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि ‘Queen’ अंग्रेजी भाषा का एक सामान्य शब्द है और इस पर किसी एक संस्था का विशेष अधिकार नहीं हो सकता।
जियोस्टार का यह भी दावा है कि कंगना रनौत की नई फिल्म ‘क्वीन 2’(Queen 2) किसी भी तरह से वर्ष 2014 में आई फिल्म का सीक्वल या प्रीक्वल नहीं है। यह पूरी तरह एक नई और स्वतंत्र कहानी पर आधारित फिल्म है, जिसका पहली फिल्म की कहानी, किरदारों या कथानक से कोई रचनात्मक संबंध नहीं है।
विकास बहल कर रहे हैं निर्देशन
गौरतलब है कि ‘क्वीन 2’(Queen 2) फिल्म का निर्देशन विकास बहल कर रहे हैं, जिन्होंने पहली ‘क्वीन’ का भी निर्देशन किया था। हाल ही में कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी साझा की थी। हालांकि अब फिल्म की रिलीज से पहले शुरू हुआ यह कानूनी विवाद इसके भविष्य पर असर डाल सकता है।फिलहाल मामले की सुनवाई बॉम्बे हाई कोर्ट में लंबित है। अदालत के फैसले के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि फिल्म तय समय पर रिलीज हो पाएगी या नहीं।

