Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में बारिश का असर तेज, बिजली गिरने से किसान की मौत; तीन दिन भारी वर्षा का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। वहीं, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

बारिश के बीच कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमान में खेत में काम कर रहे 75 वर्षीय किसान धनीराम पटेल की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इससे एक दिन पहले सक्ती जिले में भी बिजली गिरने की घटना में पति-पत्नी की जान चली गई थी। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं से जुड़े हादसों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है।

उधर, कबीरधाम जिले के ढोलढोली रपटा मार्ग पर तेज बहाव के बीच यात्रियों से भरी एक पिकअप पुल पर फंस गई। वाहन में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते राहत कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा हुई। हालांकि मानसून सक्रिय होने के बावजूद अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 46 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button