देशभर में बारिश का कहर: यूपी में घरों और रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, हिमाचल-उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से 6 लोगों की मौत

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून (Rain) ने तबाही मचा दी है। उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है, सड़कें बंद हो गई हैं और भूस्खलन की घटनाओं में लोगों की जान चली गई है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन हुई बारिश के कारण कई रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। घरों में पानी घुसने से बेड, सोफा और अन्य घरेलू सामान पानी में डूब गए। शहर के रामबाग रेलवे स्टेशन के तीन रेलवे ट्रैक भी जलमग्न हो गए, जिससे रेल संचालन प्रभावित हुआ। हालात को देखते हुए जिले में लगातार दूसरे दिन सभी स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया है।
यह भी पढ़े: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज, 28 जिलों में बारिश का अलर्ट; कई इलाकों में भारी बारिश के आसार
बिहार के बगहा में गंडक नदी के तेज कटाव ने एक प्राथमिक स्कूल को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूल के पांच में से चार कमरे नदी में समा गए हैं, जबकि बचा हुआ हिस्सा भी कटाव के खतरे से घिरा हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गया में पिछले 24 घंटे के दौरान 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के दौरान हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में भारी बारिश (Rain) के दौरान हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ट्रक चालक और नेपाल के दो मजदूर शामिल हैं। प्रदेश में बारिश के कारण 88 सड़कें बंद हैं। इनमें मंडी में 32, कुल्लू में 25 और सिरमौर में 10 सड़कें शामिल हैं।
लैंडस्लाइड के कारण 124 सड़कें बंद
उत्तराखंड में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। पौड़ी गढ़वाल में भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। राज्य में बारिश (Rain) और लैंडस्लाइड के कारण 124 सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ में कुलागाड़ वैली ब्रिज पर चट्टान गिरने से पुल काली नदी में समा गया, जिससे कैलाश मानसरोवर मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



