रायपुर के नंदनवन का होगा कायाकल्प, 50 करोड़ रुपये की लागत से PPP मॉडल पर होगा पुनर्विकास

रायपुर। रायपुर जिले के अटारी गांव स्थित नंदनवन को अब नए और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। मंत्रालय महानदी भवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव विकासशील के सामने नंदनवन पुनर्विकास परियोजना का प्रस्तुतिकरण दिया।
परियोजना के तहत नंदनवन के कायाकल्प और विकास पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पूरी परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी।
बॉटनिकल गार्डन का भी होगा विकास
नंदनवन में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत बॉटनिकल गार्डन को नए सिरे से विकसित और पुनर्जीवित किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना में पर्यटकों की सुविधा और आकर्षण का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए आवश्यक जन-सुविधाओं को बेहतर तरीके से विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, NRDA के सीईओ चंदन कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



