दुर्ग में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, 13 H1N1 पॉजिटिव मिले; 9 एक्टिव केस

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 5 से 29 अगस्त के बीच जिले में H1N1 के कुल 13 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से 9 मामले एक्टिव हैं और मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 13 संक्रमित मरीजों में से चार उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं दो मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है, जबकि 7 संक्रमित मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग जारी
जिले में स्वाइन फ्लू के संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है। जिला सर्विलेंस अधिकारी सीबी बंजारे ने बताया कि नए पॉजिटिव मरीज सामने आने पर उनकी ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संक्रमित मरीजों की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
जिले के सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि H1N1 का कोई नया पॉजिटिव मरीज मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें। मरीजों के इलाज के साथ संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को ज्यादा खतरा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं में H1N1 संक्रमण का खतरा अपेक्षाकृत अधिक रहता है। ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की अपील की है। इसके अलावा हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से धोने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क कर जांच कराएं।



