रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को सौगात, CM साय मंगलवार को जारी करेंगे महतारी वंदन की 31वीं किस्त

बालोद। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मंगलवार को प्रदेश की करीब 68 लाख महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करेंगे। इस मौके पर बालोद जिले के डौण्डीलोहारा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
बिहान दीदियों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं का होगा सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान बेहतर काम करने वाली बिहान दीदियों और विभिन्न स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त भी जारी करेंगे।
यह भी पढ़ें -CGBSE ने छात्रों को दी बड़ी राहत, 27 अगस्त तक स्कूलों में ले सकेंगे प्रवेश
कुपोषित बच्चों की माताओं को मिलेगी सुपोषण किट
कार्यक्रम के दौरान कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण किट वितरित की जाएगी। सरकार की ओर से बच्चों के बेहतर पोषण और परिवारों को जागरूक करने के लिए इस अभियान पर जोर दिया जा रहा है।
‘हर घर मुनगा’ अभियान के तहत पौधों का वितरण
मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को ‘हर घर मुनगा’ अभियान के तहत एक-एक मुनगा पौधा भी वितरित करेंगे। इसका उद्देश्य घर-घर मुनगा के पौधे लगाने के साथ पोषण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने जनप्रतिनिधियों के साथ लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा के अध्यक्ष लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख सहित अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना, एसडीएम शिवनाथ बघेल और अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के साथ महिलाओं के सम्मान और पोषण से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।



