आज से बदले कई नियम: पेट्रोल-डीजल सस्ता, कमर्शियल LPG के दाम घटे; पासपोर्ट महंगा, क्रेडिट कार्ड और ITR समेत 10 बदलावों का आपकी जेब पर असर

दिल्ली। जुलाई महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए कई बड़े बदलाव (rules changed) लेकर आई है। 1 जुलाई 2026 से एलपीजी, पेट्रोल-डीजल, आधार, क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट, रेलवे, आयकर रिटर्न (ITR) और किसानों से जुड़ी कई नई व्यवस्थाएं लागू हो गई हैं। कुछ बदलाव लोगों को राहत देंगे तो कुछ से खर्च बढ़ेगा। ऐसे में इन नए नियमों की जानकारी होना जरूरी है।
1. कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता
जुलाई की शुरुआत राहत भरी खबर के साथ हुई है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये तक की कटौती की है। अब यह सिलेंडर 3,113.50 रुपये की जगह 2,930 रुपये में मिलेगा। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
2. पेट्रोल-डीजल के दाम में राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद निजी कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। इससे निजी पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदने वाले उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
3. पेट्रोल-डीजल खरीदने की लिमिट खत्म
सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर ईंधन बिक्री की अस्थायी सीमा हटा दी है। पश्चिम एशिया संकट के दौरान प्रति वाहन प्रतिदिन 200 लीटर डीजल की सीमा तय की गई थी, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। अब सामान्य व्यवस्था के तहत ईंधन की बिक्री होगी।
4. आधार में ईमेल अपडेट अब मुफ्त
1 जुलाई से आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट (rules changed) कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। पहले इसके लिए 75 रुपये देने पड़ते थे। यह सुविधा केवल नए Aadhaar App के माध्यम से ईमेल अपडेट कराने वालों को मिलेगी।
5. क्रेडिट कार्ड के नियम बदले
एसबीआई, एचडीएफसी समेत कई बैंकों ने अपने क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव किया है। कुछ कार्डों में रिवॉर्ड पॉइंट्स की व्यवस्था बदली गई है, जबकि एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस के लिए अब न्यूनतम खर्च की शर्त लागू की गई है।
6. पासपोर्ट बनवाना हुआ महंगा
अब 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए 2,500 रुपये देने होंगे, जो पहले 1,500 रुपये था। तत्काल पासपोर्ट की फीस 5,000 रुपये कर दी गई है। वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये और तत्काल सेवा की फीस 6,000 रुपये कर दी गई है।
7. दिल्ली में नई EV पॉलिसी लागू
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी लागू हो गई है। इसके तहत ईवी खरीदने वालों को सब्सिडी और अन्य प्रोत्साहन दिए जाएंगे। सरकार अगले चार वर्षों में इस योजना पर 7,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करेगी। यह नीति 31 मार्च 2030 तक लागू रहेगी।
8. रेलवे ने सख्त किए नियम
रेलवे ने बिना टिकट यात्रा और प्रतिबंधित सामान ले जाने पर जुर्माना बढ़ा दिया है। अब बिना टिकट यात्रा करने पर 500 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है, जबकि प्रतिबंधित सामान ले जाने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना देना होगा।
9. ITR भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल (rules changed) करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। तय समय के बाद ITR दाखिल करने पर 1,000 से 5,000 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। इसलिए अंतिम समय का इंतजार किए बिना रिटर्न भरना बेहतर होगा।
10. फसल बीमा माह अभियान शुरू
1 जुलाई से देशभर में ‘फसल बीमा माह’ अभियान की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ना है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं, अनियमित बारिश और अन्य जोखिमों से होने वाले नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जा सके।

