शॉपिंग मॉल की निर्माणाधीन दीवार मकान पर गिरी, मलबे में दबने से पिता-पुत्र की मौत; दो महिलाओं को जिंदा निकाला

अहमदाबाद। गुजरात के भरूच शहर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अली मतरिया तालाब क्षेत्र में निर्माणाधीन ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ शॉपिंग मॉल (shopping Mall ) की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा पास स्थित एक मकान पर जा गिरा, जिससे घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे।
मलबे में दबने से पिता और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपदा राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे। बचाव दल ने तत्काल राहत अभियान शुरू किया और जेसीबी तथा अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन (shopping Mall ) के दौरान मलबे में फंसी दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते राहत दल के पहुंचने से दोनों महिलाओं की जान बचाई जा सकी।
प्रशासन ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। यह भी जांच की जाएगी कि निर्माणाधीन दीवार की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था तय मानकों के अनुरूप थी या नहीं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल (shopping Mall ) बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया है, ताकि राहत और जांच कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
प्रशासन ने कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

