पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में शॉर्ट सर्किट, धुएं से मची अफरा-तफरी; इटारसी के पास रोकी गई ट्रेन, सभी 72 यात्री सुरक्षित

भोपाल। नैनपुर-इंदौर पेंचवैली एक्सप्रेस ( Penchvalley Express) के एसी कोच में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट होने से बड़ा हादसा टल गया। बी-2 एसी कोच में अचानक धुआं भरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना इटारसी से पहले पोला पत्थर स्टेशन के पास सुबह करीब 4 बजे हुई, जहां ट्रेन को तत्काल रोककर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। समय रहते सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन भोपाल की ओर जा रही थी और बी-2 कोच पूरी तरह भरा हुआ था। अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, तभी एसी पैनल से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते पूरा कोच धुएं से भर गया। धुएं के कारण यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति गंभीर होती देख यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई।
फायर अलार्म बजने से मचा हडकंप
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धुआं फैलने के साथ ही फायर अलार्म ( Penchvalley Express) बजने लगे और कोच की लाइटें बार-बार बंद-चालू होने लगीं। घबराए यात्री अपना सामान तक छोड़कर बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के करीब 35 अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तकनीकी टीम ने कोच की जांच कर स्थिति पर काबू पाया।
पैनल में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
इसके बाद बी-2 कोच में सफर कर रहे सभी यात्रियों ( Penchvalley Express) को अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया गया और ट्रेन को सुरक्षित आगे के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में एसी पैनल में शॉर्ट सर्किट को घटना का कारण माना गया है। हालांकि, तकनीकी विशेषज्ञों की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

