छत्तीसगढ़ की अभिनेत्री श्वेता पड्डा को मिली बड़ी फिल्म
अनुपम खेर के साथ करेंगी स्क्रीन शेयर

भिलाई | छत्तीसगढ़ से निकलकर राष्ट्रीय फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बना रहीं अभिनेत्री श्वेता पड्डा(Shweta Padda) एक बार फिर चर्चा में हैं। भिलाई की रहने वाली श्वेता को निर्देशक कामाख्या सिंह की आगामी फिल्म ‘श्रीरामभूमि’ में अहम भूमिका मिली है। इस फिल्म में वह दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के अलावा ऋत्विक भौमिक और अमृता खानविलकर जैसे चर्चित कलाकारों के साथ नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग फिलहाल अयोध्या में जारी है।
लगातार नए प्रोजेक्ट्स के जरिए श्वेता पड्डा(Shweta Padda) राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। उनका मानना है कि छोटे शहरों से आने वाले कलाकारों के सामने अवसर हासिल करने की चुनौती जरूर होती है, लेकिन प्रतिभा और निरंतर मेहनत के दम पर मंजिल तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार के लिए अपने काम से पहचान बनाना सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।
बड़े कलाकारों के साथ मिला काम, करियर में नया पड़ाव
श्वेता पड्डा(Shweta Padda) ने बताया कि अनुभवी कलाकारों के साथ काम करने से हर दिन कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है। उनके मुताबिक, ‘श्रीरामभूमि’ केवल एक नई फिल्म नहीं, बल्कि उनके अभिनय सफर का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि वे हर किरदार को पूरी तैयारी और समर्पण के साथ निभाने की कोशिश करती हैं ताकि दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर सकें।
राष्ट्रीय मंच पर चमक रहा छत्तीसगढ़ का नाम
अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे अपने राज्य का प्रतिनिधित्व बड़े पर्दे पर कर रही हैं। उनका मानना है कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही अवसर और मंच की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में प्रदेश के और भी कलाकार राष्ट्रीय सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बनाएंगे।

