भोपाल के गांधी भवन में सरकारी स्कूलों की बैठक में हंगामा, यूथ लीडर से माइक छीनने का आरोप

भोपाल। राजधानी भोपाल के गांधी भवन में रविवार को सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और ऑडिट को लेकर आयोजित बैठक में जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की ओर से आयोजित इस बैठक के लिए पुलिस और प्रशासन से पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी।
सवाल पूछने पर यूथ लीडर से माइक छीना
बैठक के दौरान यूथ लीडर गौतम जायसवाल ने आयोजकों से सवाल किया कि “दिल्ली में जो असामाजिक तत्व पनपे, वे भोपाल में न पनपे, इसके लिए क्या कार्रवाई की जाएगी?”
आरोप है कि सवाल पूछे जाने के बाद CJP के कार्यकर्ता भड़क गए और गौतम जायसवाल के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उनके हाथ से माइक छीन लिया।
गौतम जायसवाल ने कहा कि वे सरकारी स्कूलों में सुधार के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन किसी भी तरह की गतिविधि नियमों के तहत और पुलिस-प्रशासन की विधिवत अनुमति लेकर ही आयोजित की जानी चाहिए।
थाना प्रभारी ने गांधी भवन सचिव को दी चेतावनी
घटना के बाद गौतम जायसवाल ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बैठक में शामिल कथित असामाजिक तत्वों पर पुलिस निगरानी रखने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि गांधी भवन के सचिव को औपचारिक पत्र के जरिए सख्त चेतावनी दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में बिना पूर्व सूचना और अनुमति के इस तरह की कोई बैठक या कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी गांधी भवन प्रबंधन की होगी।



