Follow Us on Our Social Media
National

स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी कोच में घुसा सांप, यात्रियों में मची अफरातफरी; बदलनी पड़ी पूरी बोगी

जयनगर से नई दिल्ली जा रही 12561 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ए-2 एसी कोच में सांप मिलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। सीट के नीचे सांप को रेंगता देखकर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री अपनी सीट छोड़कर कोच के दूसरे हिस्से में चले गए। घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 और आपातकालीन नंबर 112 पर शिकायत की।

बताया गया कि मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने से कुछ समय पहले यात्रियों ने कोच में सांप देखा। बच्चों और परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों में डर का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कोच के अंदर सांप दिखाई देने का दावा किया गया।

मुजफ्फरपुर स्टेशन पर करीब एक घंटे चला तलाशी अभियान

रात करीब 9:35 बजे ट्रेन के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचते ही रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और कैरेज एवं वैगन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा को देखते हुए ए-2 कोच के सभी यात्रियों को सामान समेत बाहर उतारा गया।

इसके बाद कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने कोच के बर्थ के नीचे, कोनों, खाली जगहों और पैनलों में करीब एक घंटे तक तलाशी ली। काफी प्रयास के बाद भी सांप का पता नहीं चल सका। आशंका जताई गई कि वह किसी अंदरूनी जगह, गैप या वायरिंग पैनल में छिपा हो सकता है।

यात्रियों के विरोध के बाद बदली गई पूरी बोगी

तलाशी के बावजूद सांप नहीं मिलने पर यात्रियों ने उसी कोच में दोबारा सफर करने से इनकार कर दिया। यात्रियों का कहना था कि बच्चों के साथ उस बोगी में यात्रा करना सुरक्षित नहीं है। यात्रियों की सुरक्षा और विरोध को देखते हुए रेलवे ने ए-2 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया।

इसके बाद उसकी जगह दूसरा एसी कोच जोड़ा गया और करीब 70 यात्रियों को नए कोच में स्थानांतरित किया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

सफाई और रखरखाव व्यवस्था पर उठे सवाल

ट्रेन के एसी कोच में सांप मिलने की घटना के बाद रेलवे की सफाई, रखरखाव और कीट नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सांप कोच में रेलवे यार्ड से आया या यात्रा के दौरान किसी अन्य स्थान से अंदर पहुंचा। रेलवे स्तर पर इसकी जांच की जा रही है।

Follow Us on Our Social Media

Mahi Rajput

Content Writer (News) – 2.5 Years of Experience- Experienced in writing and editing news articles for digital news portals. - Skilled in writing breaking news, feature stories, and informative web content. - Strong fact-checking, research, and editing skills. - Able to meet daily publishing deadlines and produce high-quality content consistently.Social Media Management – 6 Months of Experience- Managed social media accounts and scheduled content. - Created engaging captions and post copies. - Planned and maintained content calendars. - Monitored audience engagement and responded to queries. - Coordinated with the content team to ensure consistent brand communication.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button