भिलाई के होटल के बाथरूम में मिला स्पाई कैमरा, युवती की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग। भिलाई के सिविक सेंटर स्थित होटल हरिराज के बाथरूम में कथित तौर पर स्पाई कैमरा मिलने का मामला सामने आया है। होटल में ठहरी एक युवती ने बाथरूम का इस्तेमाल करने के दौरान टाइल्स में बने दो छेदों के बीच कैमरे जैसी संदिग्ध वस्तु देखी। इसके बाद उसने होटल संचालक को जानकारी देने के बजाय सीधे डायल 112 पर शिकायत की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम की जांच की, जहां कैमरा मिलने की बात सामने आई।
बताया जा रहा है कि मामला करीब एक सप्ताह पुराना है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस टीम होटल पहुंची थी। जांच के दौरान उसी स्थान पर कैमरा मिला, जहां युवती ने संदिग्ध वस्तु देखी थी। घटना की जानकारी सामने आने के बाद होटल में भी हड़कंप मच गया।
होटल संचालक ने स्टाफ पर जताया शक
होटल संचालक का दावा है कि बाथरूम में कैमरा लगाने की घटना में होटल का ही एक स्टाफ शामिल हो सकता है। संचालक के मुताबिक, होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान एक कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। इसके आधार पर उसकी पहचान किए जाने का दावा किया गया है।
हालांकि, पुलिस ने अभी किसी व्यक्ति को आधिकारिक तौर पर आरोपी घोषित नहीं किया है। पुलिस ने होटल में काम करने वाले सभी कर्मचारियों की जानकारी मांगी है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
संदिग्ध स्टाफ के फरार होने की बात, मोबाइल और आधार कार्ड से तलाश
जांच के दौरान एक स्टाफ के फरार होने की बात भी सामने आई है। होटल संचालक ने पुलिस को संबंधित कर्मचारी का आधार कार्ड, फोटो और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया है। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल होटल संचालक की ओर से संबंधित स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस होटल के कर्मचारियों से पूछताछ के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
कैमरा किसने लगाया, जांच के बाद होगा खुलासा
पुलिस के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि कैमरा बाथरूम तक कैसे पहुंचा, उसे किसने लगाया और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। मामले में पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



