शहडोल में जर्जर स्कूल भवन से परेशान छात्र पहुंचे कलेक्ट्रेट, बोले- पहले हमारी समस्या सुनिए साहब

शहडोल में जर्जर स्कूल भवन और बारिश के दौरान क्लासरूम में पानी भरने से परेशान कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राएं स्कूल से पैदल कलेक्ट्रेट पहुंच गए। छात्रों ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताने की मांग की।
छात्रों का आरोप है कि स्कूल की छत जर्जर है और बारिश के दौरान पानी टपकता है। कई बार क्लासरूम में भी पानी भर जाता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और किसी अनहोनी का डर बना रहता है।
यह भी पढ़ें – सनी देओल के मुस्लिम किरदार के चलते ‘बंटवारा 1947’ को नहीं मिले निवेशक, राजकुमार संतोषी ने बताई वजह
छात्रों की सबसे बड़ी नाराजगी इस बात को लेकर है कि स्कूल की नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है, लेकिन अभी तक उसका हैंडओवर नहीं हुआ है। इसके चलते विद्यार्थियों को मजबूरी में पुराने जर्जर भवन में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
इससे पहले भी शहडोल में छात्राओं के कलेक्ट्रेट पहुंचने का मामला सामने आया था। माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएं हॉस्टल से निकलकर करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंची थीं और कलेक्टर के सामने अपनी समस्याएं रखने की मांग की थी।
वहीं, उत्कर्ष विद्यालय और रघुराज विद्यालय क्रमांक-2 के प्रभारी प्राचार्य मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि सीमित कक्षों के कारण क्लासरूम में पानी भर गया था। उसकी सफाई कर व्यवस्था बनाने का काम किया जा रहा था, तभी छात्र बिना बताए स्कूल से निकल गए।



