छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन शुरू, बाघों के शिकार समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। पिछले दो दिनों की तरह आज भी सदन में विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। विपक्ष कई अहम जनहित और प्रशासनिक मामलों को उठाकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
कार्यसूची के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड का वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने-अपने विभागों से जुड़े वार्षिक प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।
वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायक शेषराज हरवंश और विक्रम मंडावी इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार के मामले को लेकर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।
इसके अलावा विधायक राजेश मूणत शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्यों में कथित अनियमितताओं का मामला उठाते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। सदन में इन मुद्दों पर चर्चा के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक होने की संभावना जताई जा रही है।

