रायपुर समेत तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर एनजीटी की अंतरिम रोक

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने जल संरक्षण से जुड़े मामले में सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर, मुंबई और जयपुर के तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। अब एनजीटी की अनुमति के बिना इन स्टेडियमों में कोई भी खेल आयोजन नहीं हो सकेगा। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी।
एनजीटी का यह आदेश रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर लागू होगा। अधिकरण ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट है, इसलिए खेल परिसरों को भूजल के उपयोग और जल संरक्षण के नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। साथ ही स्टेडियमों में वॉटर रीसाइक्लिंग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसी व्यवस्थाओं के पर्याप्त नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई।
नोटिस के बावजूद नहीं दिया जवाब
एनजीटी के अनुसार, केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) और अधिकरण की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन रायपुर, जयपुर और मुंबई के संबंधित स्टेडियमों ने अब तक अपना जवाब दाखिल नहीं किया। इसी कारण इनके खिलाफ अंतरिम प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
अप्रैल में मांगी गई थी जानकारी
गौरतलब है कि अप्रैल में एनजीटी ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से मैदान और पिचों के रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले पानी के स्रोत और जल प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी मांगी थी। इनमें रायपुर, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, कटक का बाराबती स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम शामिल थे।
इनमें अरुण जेटली स्टेडियम और इकाना स्टेडियम अपना जवाब दाखिल कर चुके हैं, जबकि बाराबती स्टेडियम ने जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। वहीं रायपुर, जयपुर और मुंबई के स्टेडियमों द्वारा जवाब नहीं देने पर एनजीटी ने यह अंतरिम आदेश जारी किया है।

