Chhattisgarh

करंट प्रवाहित स्ट्रीट लाइट पोल से दो गायों की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल

कोरबा शहर में स्ट्रीट लाइट पोल में करंट प्रवाहित होने से अलग-अलग स्थानों पर दो गायों की मौत हो गई। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और गौ रक्षक दल ने नगर निगम तथा बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पहली घटना मंगलवार रात घंटाघर चौक स्थित वर्धमान ज्वैलर्स के सामने हुई, जहां स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट आने से एक गाय उसकी चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने गाय को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।

इससे कुछ घंटे पहले पोड़ीबहार क्षेत्र के स्वागत द्वार के पास भी इसी तरह की घटना हुई, जहां करंट प्रवाहित स्ट्रीट लाइट पोल की चपेट में आने से एक अन्य गाय की जान चली गई। लगातार हुई दोनों घटनाओं ने शहर की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद गौ रक्षक दल के सदस्यों ने दोनों गायों का अंतिम संस्कार किया। संगठन ने नगर निगम और बिजली विभाग से शहर में खुले विद्युत तारों, करंट प्रवाहित पोल और अन्य बिजली उपकरणों की तत्काल जांच कराने की मांग की है।

गौ रक्षक दल और स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसे हादसों का शिकार केवल मवेशी ही नहीं, बल्कि आम लोग भी हो सकते हैं। उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button