राहुल-प्रियंका के खिलाफ दो दिन में दो FIR: पुलिस से मारपीट-आकाशवाणी में घुसने का आरोप; आज लगातार तीसरे दिन INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन
SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर दिल्ली में प्रदर्शन; 10 अक्टूबर को राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा, कई राज्यों में भी विपक्ष निकालेगा मार्च

दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में विपक्ष का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी रहेगा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर गुरुवार को INDIA ब्लॉक के नेता फिर जुटेंगे।
इस बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ दो दिन में दो FIR दर्ज होने से राजनीतिक विवाद और बढ़ गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस से मारपीट के आरोप में दर्ज FIR में दोनों नेताओं के नाम शामिल हैं। इससे पहले आकाशवाणी कार्यालय में कथित तौर पर जबरन प्रवेश और धरना देने के मामले में भी FIR दर्ज की गई थी।
विपक्षी दलों ने 6 और 7 अक्टूबर को भी दिल्ली में प्रदर्शन किया था। मंगलवार को ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च के दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाए थे। इसके बाद विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया गया था। राहुल और प्रियंका गांधी समेत कई नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए थे। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान नियमों का उल्लंघन और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की के आरोपों की जांच की जा रही है।
राहुल बोले- FIR से डरता नहीं
FIR को लेकर राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि वे मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ पहले ही 45 FIR हो चुकी हैं और वे 100 FIR होने से भी नहीं डरते। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया है।
वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान FIR कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से जुड़े मामले में तीन FIR दर्ज होने की बात सामने आई है, जिनमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम भी शामिल हैं।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल
विपक्ष का आरोप है कि SIR के दौरान मतदाता सूची में बदलाव और नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 की प्रक्रिया में पर्याप्त पारदर्शिता नहीं बरती गई।
कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक के दलों का दावा है कि इस प्रक्रिया से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। विपक्ष ने चुनाव आयोग के भीतर भी SIR से जुड़े फैसलों पर कथित असहमति का मुद्दा उठाया है।
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े कुछ फैसलों और आदेशों पर कई बार आपत्ति दर्ज कराई थी। विपक्ष इन्हीं मुद्दों को आधार बनाकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
10 अक्टूबर को राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा
INDIA ब्लॉक के नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए 10 अक्टूबर का समय मांगा है। विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति को पत्र सौंपकर SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए मिलने की मांग की है। विपक्ष का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा जरूरी है।
कई राज्यों में भी प्रदर्शन
दिल्ली के अलावा बिहार, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में भी विपक्ष आज प्रदर्शन करेगा। पटना में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के नेता और विधायक लोकभवन मार्च निकालेंगे और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग रखी जाएगी।
भोपाल में कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च निकालेगी। यह मार्च शाम 4.30 बजे व्यापमं चौराहे से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस चौराहे तक जाएगा। उत्तराखंड में कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के नेता देहरादून में ‘लोकतंत्र बचाओ-संविधान बचाओ-वोट बचाओ’ मार्च निकालेंगे। यह गांधी पार्क से शुरू होकर घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा।
ममता बनर्जी भी दिल्ली पहुंच सकती हैं
गुरुवार के दिल्ली प्रदर्शन में राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के अन्य नेताओं के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भी शामिल होने की संभावना है। लगातार तीसरे दिन होने वाले प्रदर्शन को विपक्षी दल शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देख रहे हैं।
इस बीच केंद्र सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। उन्हें पहले से Z+ सुरक्षा प्राप्त है। अब उनके आवास, कार्यालय और निजी सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। ऐसे में SIR को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच टकराव के बीच दिल्ली की राजनीति और गरमाने के आसार हैं।



