ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, भूकंप प्रभावित वेनेजुएला पहुंची राहत सामग्री

वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत मानवीय सहायता अभियान शुरू किया है। इस मिशन के तहत भारतीय वायुसेना के दो C-17 ग्लोबमास्टर विमान राहत सामग्री, चिकित्सा उपकरण और 41 सदस्यीय बचाव एवं मेडिकल टीम को लेकर वेनेजुएला पहुंच गए हैं।
राहत दल में डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ और बचावकर्मी शामिल हैं, जिन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में फील्ड हॉस्पिटल स्थापित कर उपचार और राहत कार्य शुरू कर दिया है। टीम स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और मानवीय राहत कार्यों में जुटी हुई है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि भारत की ओर से भेजी गई राहत सामग्री, दवाइयां और मेडिकल उपकरण भूकंप प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्यों को मजबूत करेंगे। वहीं भारतीय वायुसेना ने बताया कि दोनों विमान करीब 23 घंटे की उड़ान भरकर दिल्ली से 14,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए काराकस पहुंचे। इस मिशन के तहत 66 टन मानवीय सहायता, भारतीय सेना का फील्ड हॉस्पिटल, 35 टन से अधिक राहत सामग्री, दवाइयां, चिकित्सा उपकरण और दो भीष्म क्यूब भी भेजे गए हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस कठिन समय में भारत, वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है और हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
हाल ही में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंपों से वेनेजुएला में भारी तबाही हुई है। कई इमारतें ढह गईं और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की संख्या 1,400 से अधिक पहुंच चुकी है और इसके बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

