विजय शर्मा का भूपेश बघेल पर हमला, PM आवास और नक्सलवाद के मुद्दे पर साधा निशाना; सौरभ चंद्राकर को लाने की कही बात

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत विकास मंत्री विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भ्रम फैलाने और झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखे पत्र में 10 लाख 60 हजार आवास पूर्ण होने की बात कही थी।
विजय शर्मा ने कहा कि जब किसी मुद्दे पर चर्चा होती है तो भूपेश बघेल उसमें शामिल नहीं होते। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री को टीएस सिंहदेव समेत विभागीय सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों की ओर से भी पत्र लिखे गए थे।
नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना
गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का रोल मॉडल हिडमा हो, वे नक्सलवाद कैसे खत्म करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 2023 में नक्सलवाद को लेकर नीति बनाई थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं किया।
सौरभ चंद्राकर को लाने का दावा
सौरभ चंद्राकर की सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां मामले में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को छत्तीसगढ़ लाया जाएगा और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा।
भूपेश बघेल के इस बयान पर कि जांच में उनके कई लोग उजागर हो सकते हैं, विजय शर्मा ने कहा कि जांच निष्पक्ष रूप से होगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



