Chhattisgarh

प्रेमी की मदद के लिए महिला ने की चोरी, दो साल से काम कर रहे घर से उड़ाए 24 हजार रुपए

दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में घरेलू काम करने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी की आर्थिक मदद के लिए जिस घर में वह पिछले दो वर्षों से काम कर रही थी, वहीं से 24 हजार रुपए चोरी कर लिए। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर महिला और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के कब्जे से चोरी की रकम और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में अपनी वृद्ध मां की देखभाल के लिए लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से ममता चौहान को केयरटेकर के रूप में रखा गया था। मां के निधन के बाद भी ममता घर में रहकर घरेलू कार्य करती रही और परिवार का विश्वास जीत लिया था।

शिकायत के मुताबिक, 26 और 27 जून को परिवार में भतीजी की शादी के कार्यक्रम चल रहे थे। इसी दौरान घर के सभी सदस्य समारोह में व्यस्त थे। मौके का फायदा उठाकर महिला ने अलमारी में रखे 24 हजार रुपए निकाल लिए और बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई। बाद में जब परिवार ने अलमारी की जांच की तो नकदी गायब मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के मोबाइल की तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और रायपुर से उसे उसके प्रेमी शीतल वर्मा के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसके प्रेमी को पैसों की जरूरत थी और उसी के कहने पर उसने चोरी की योजना बनाई थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 23 हजार 500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 43 हजार 500 रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button