Chhattisgarh

शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म का आरोप, आरक्षक गिरफ्तार

बिलासपुर जिले में एक आरक्षक पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में 22 वर्षीय युवती की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से तखतपुर में पदस्थ आरक्षक सुमंत मिरी से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि आरक्षक ने शादी का वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और करीब तीन वर्षों तक लगातार विवाह का भरोसा देता रहा।

शिकायत में युवती ने बताया कि आरक्षक का तबादला बिलासपुर पुलिस लाइन होने के बाद भी वह उससे मिलता रहा और हर बार जल्द शादी करने का आश्वासन देता था। लेकिन जब युवती ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी से इनकार कर दिया और उससे दूरी बनाने लगा।

युवती का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। यह तथ्य उसने शुरुआत से छिपाकर रखा था। सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी ने कथित रूप से युवती को धमकाना भी शुरू कर दिया।

इसके बाद पीड़िता ने तखतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आपराधिक मामले की जांच के साथ-साथ आरोपी आरक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button