
दिल्ली। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 (Women’s T20 WC 2026) में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया। इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम लीग मुकाबले में 9 विकेट की करारी हार के साथ डिफेंडिंग चैंपियन की सेमीफाइनल की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। इस हार के साथ ही न्यूजीलैंड की तीन दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स, सोफी डिवाइन और ली ताहुहू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही तीनों खिलाड़ियों ने घोषणा (Women’s T20 WC 2026) कर दी थी कि यह उनका आखिरी विश्व कप होगा। ऐसे में टीम उन्हें खिताब के साथ विदाई देना चाहती थी, लेकिन ग्रुप चरण में पांच में से तीन मुकाबले हारने के कारण न्यूजीलैंड बाहर हो गया। मैच के बाद इंग्लैंड और न्यूजीलैंड दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तीनों दिग्गजों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। यह पल मैदान पर मौजूद 21,018 दर्शकों के लिए भी बेहद भावुक रहा, जो महिला टी20 विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी दर्शक संख्या का रिकॉर्ड भी बना।
मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 163 रन बनाए। कप्तान अमेलिया केर ने 42 और सोफी डिवाइन ने 30 रन की उपयोगी पारी खेली। जवाब में इंग्लैंड ने डैनी वायट-हॉज की नाबाद 89 और सोफिया डंकले के 49 रनों की बदौलत 17.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और नौ विकेट से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।
सूजी बेट्स ने अपने शानदार करियर में 370 अंतरराष्ट्रीय मैच (Women’s T20 WC 2026) खेलकर 10,721 रन बनाए और न्यूजीलैंड की सबसे सफल महिला बल्लेबाजों में शामिल रहीं। सोफी डिवाइन ने 317 मैचों में 8,000 से अधिक रन बनाने के साथ 241 विकेट भी झटके। वहीं तेज गेंदबाज ली ताहुहू ने 207 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 225 विकेट लेकर टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई। तीनों खिलाड़ियों की विदाई के साथ न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट के एक सुनहरे युग का भी अंत हो गया।

