यूथ कांग्रेस चुनाव में तेज हुई हलचल, 29 सितंबर तक ऑनलाइन वोटिंग; सोशल मीडिया पर जोरदार प्रचार

रायपुर। यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव मैदान में उतरे दावेदार अब सोशल मीडिया के जरिए अपने समर्थकों और मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटे हैं। कई उम्मीदवार पोस्ट और वीडियो जारी कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
29 सितंबर तक होगी ऑनलाइन वोटिंग
जानकारी के मुताबिक, आज से 29 सितंबर तक ऑनलाइन मतदान की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान यूथ कांग्रेस के विभिन्न संगठनात्मक पदों के लिए वोटिंग होगी।
चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, शहर जिला महासचिव, अलग-अलग विधानसभा अध्यक्ष समेत कई पदों के लिए दावेदार मैदान में हैं।
इन नेताओं ने की दावेदारी
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हनी परमजीत बग्गा, रायपुर ग्रामीण जिला महासचिव पद के लिए किशन साहू, रायपुर शहर जिला महासचिव के लिए सिद्धार्थ दीवान, प्रदेश महासचिव पद के लिए अमित तिवारी और रायपुर जिला अध्यक्ष पद के लिए आजाद वर्मा ने दावेदारी की है।
सोशल मीडिया बना प्रचार का प्रमुख माध्यम
चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही दावेदारों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को प्रचार का प्रमुख माध्यम बना लिया है। उम्मीदवार लगातार पोस्ट और वीडियो साझा कर रहे हैं और मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे हैं।
आने वाले दिनों में ऑनलाइन प्रचार के और तेज होने की संभावना है।



