ChhattisgarhRaipur

महोबा बाजार नाले पर कब्जे का खुलासा, महापौर ने दिए बुलडोजर कार्रवाई के संकेत

राजीव नगर में नाले पर अतिक्रमण का मामला, निगम ने शुरू की कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर के महोबा बाजार क्षेत्र में नाले की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। नगर निगम की बारिश पूर्व नाला सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान महापौर(Mayor) मीनल चौबे को राजीव नगर इलाके में नाला अचानक गायब मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही सीमांकन कराने के निर्देश दिए गए, जिसमें नाले की भूमि पर कब्जे की पुष्टि होने का दावा किया गया है।

नाले को पाटकर कब्जा, सीमांकन रिपोर्ट के बाद निगम सख्त

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार जोन क्रमांक-7 के अंतर्गत डॉ. ईश्वरी चरण शुक्ल वार्ड क्षेत्र में महोबा बाजार ब्रिज के पास रेलवे पटरी के समीप स्थित नाले को पाटकर उस पर निर्माण और कब्जा किए जाने की शिकायत मिली थी। निरीक्षण के दौरान महापौर(Mayor) ने पाया कि करीब 50 मीटर बाद नाले का अस्तित्व ही नजर नहीं आ रहा था।

महापौर(Mayor) के निर्देश पर राजस्व विभाग द्वारा कराए गए सीमांकन में नाले की भूमि पर कब्जे की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि बारिश के मौसम में जल निकासी प्रभावित नहीं होनी चाहिए और इसके लिए जेसीबी की मदद से अस्थायी कच्चा नाला खोदकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान गायब मिला नाला, महापौर ने अधिकारियों को लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान महापौर ने जोन-7 के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि नालों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कब्जा हटाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने तथा आसपास की भूमि का भी सीमांकन कर संभावित अतिक्रमण की जांच करने के निर्देश दिए।

महापौर मीनल चौबे ने निगम के सभी जोन कमिश्नरों और नगर निवेश विभाग को भी निर्देशित किया है कि शहर में नालों की भूमि पर कहीं भी अवैध कब्जा पाए जाने पर तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएं।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद मीना ठाकुर, सहायक अभियंता कमलेश मिथलेश, उप अभियंता प्रेरणा अग्रवाल, जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू समेत स्थानीय रहवासी मौजूद रहे।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button