CJP प्रमुख अभिजीत दिपके बोले- संघर्ष ने सिखाया, आलोचनाओं ने बनाया और मजबूत

छात्रों की मांगों को लेकर चले लंबे आंदोलन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रमुख अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर समर्थकों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कई दिनों के कठिन संघर्ष के बाद अब उन्हें राहत महसूस हो रही है और पहली बार सुकून की नींद मिली है।
दिपके ने कहा कि पिछले 37 दिनों का दौर बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। इस दौरान लगातार मानसिक दबाव बना रहा, लेकिन समर्थकों के विश्वास और सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी। उन्होंने कहा कि जब कई लोगों ने उन पर सवाल उठाए, तब भी बड़ी संख्या में लोग उनके साथ मजबूती से खड़े रहे और यही उनके अभियान की सबसे बड़ी ताकत बनी।
उन्होंने स्वास्थ्य का भी जिक्र करते हुए बताया कि वह टाइफाइड और तेज बुखार से पीड़ित रहे, जिसकी वजह से कई लोगों से मुलाकात नहीं कर सके। इसके लिए उन्होंने सभी से क्षमा भी मांगी।
अपने संबोधन में अभिजीत दिपके ने आलोचकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आलोचनाओं ने उन्हें अपनी कमियों को समझने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर दिया। उनके मुताबिक, उचित सवालों और आलोचनाओं से ही अभियान को और प्रभावी बनाने में मदद मिली।
गौरतलब है कि अभिजीत दिपके ने मई में भारत के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के जवाब में मजाकिया अंदाज में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की शुरुआत की थी। बाद में यह पहल छात्रों और युवाओं से जुड़े एक बड़े अभियान में बदल गई, जिसे खासकर जेनरेशन-ज़ी के बीच व्यापक समर्थन मिला। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद दिपके की यह पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया मानी जा रही है, जिसमें उन्होंने आंदोलन की सफलता का श्रेय समर्थकों के विश्वास, सहयोग और सामूहिक प्रयास को दिया।

