ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बस पलटी, दो चचेरे भाइयों की मौत; 13 यात्री घायल

उत्तराखंड में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सड़क किनारे बैठे दो चचेरे भाइयों की बस की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना भद्रकाली पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर आगे कपटियाल मोड़ के पास हुई।
ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के मुताबिक, यात्रियों से भरी राजस्थान नंबर की बस खारास्रोत पार्किंग से हरिद्वार की ओर रवाना हुई थी। भद्रकाली क्षेत्र की ढलान पर पहुंचने के बाद चालक ने यात्रियों को बस के ब्रेक काम नहीं करने की जानकारी दी। इसके बाद बस पर नियंत्रण नहीं रहा और कपटियाल मोड़ के पास वाहन पलट गया।
हादसे के दौरान सड़क किनारे बैठे दो युवक बस की चपेट में आ गए। दोनों चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने और राहत-बचाव में मदद की।
बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्री थे सवार
बस में बिहार के समस्तीपुर, छपरा, दरभंगा समेत आसपास के इलाकों के यात्री सवार थे। उत्तर प्रदेश के बिहार सीमा से लगे कुछ जिलों के लोग भी यात्रा में शामिल थे। यात्रियों के मुताबिक, सभी लोग राजस्थान नंबर की बस से गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे दिल्ली से रवाना हुए थे और शुक्रवार सुबह ऋषिकेश पहुंचे थे।
ऋषिकेश पहुंचने के बाद बस को खारास्रोत पार्किंग में खड़ा किया गया था। करीब 60 यात्रियों ने त्रिवेणी घाट पर स्नान किया। इसके बाद दोपहर में सभी नीलकंठ महादेव मंदिर गए। लौटने के बाद यात्रियों ने लक्ष्मणझूला, रामझूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र का भ्रमण किया। रात करीब साढ़े आठ बजे सभी यात्री पार्किंग लौटे और बस से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे।
13 यात्रियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में कुल 13 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।



