शराब प्रेमियों को झटका:
रायपुर की दुकानों से गायब हुए कई ब्रांड, सप्लाई में आई बड़ी बाधा

रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब के शौकीनों को इन दिनों अपनी पसंदीदा विदेशी शराब खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर की कई अंग्रेजी शराब दुकानों से लोकप्रिय ब्रांड की शराब अचानक गायब हो गई है, जिससे ग्राहकों में नाराजगी बढ़ने लगी है। पिछले करीब एक महीने से कई चर्चित ब्रांड के क्वार्टर और कुछ जगहों पर फुल बोतलें भी उपलब्ध नहीं हैं।
शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि मांग के बावजूद उन्हें संबंधित ब्रांड की सप्लाई नहीं मिल रही है। यही वजह है कि ग्राहक अपनी पसंद का ब्रांड मांग रहे हैं, लेकिन दुकानों में उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें दूसरे विकल्प दिए जा रहे हैं।
अधिकारियों का दावा पैकेजिंग में किया जा रहा बदलाव
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस स्थिति के पीछे पैकेजिंग में किया जा रहा बदलाव एक प्रमुख कारण है। विभाग का कहना है कि अब कुछ कंपनियां कांच की बोतलों की जगह प्लास्टिक सीसी और नई पैकिंग व्यवस्था के साथ शराब बाजार में उतारने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए कंपनियां नई मशीनें स्थापित कर रही हैं, जिससे उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में जिन क्वार्टर बोतलों की बिक्री हो रही है, वे पुराने स्टॉक का हिस्सा हैं। नई खेप समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण कई लोकप्रिय ब्रांड बाजार से लगभग गायब हो गए हैं।
ग्राहक कर रहे अपनी पसंदीदा ब्रांड का इंतजार
जानकारी के अनुसार 760 से 800 रुपये की श्रेणी में आने वाले कई चर्चित ब्रांड, जिनकी मांग सबसे अधिक रहती है, कई दुकानों में उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा रम की सप्लाई भी काफी कम हो गई है। दुकानों के कर्मचारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में रम की मांग अपेक्षाकृत कम रहती है, इसलिए कंपनियों द्वारा इसकी आपूर्ति भी सीमित कर दी गई है।
इस बीच बाजार में कुछ ऐसे नए ब्रांड दिखाई दे रहे हैं जिन्हें उपभोक्ताओं ने पहले कभी नहीं देखा था। हालांकि ग्राहक अब भी अपनी पसंदीदा ब्रांड की वापसी का इंतजार कर रहे हैं।
आबकारी विभाग ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति अस्थायी है और सप्लाई व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए संबंधित कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं। विभाग का दावा है कि इस महीने के अंत या अगले महीने से बाजार में फिर से प्रमुख ब्रांड उपलब्ध होने लगेंगे।
फिलहाल रायपुर के शराब प्रेमियों को अपनी पसंदीदा बोतल के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।

