लेह में सुबह-सुबह 5.5 तीव्रता का भूकंप, झटके महसूस होते ही घरों से बाहर निकले लोग

लेह, लद्दाख। लद्दाख के लेह में गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 मापी गई और भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। झटके महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
सुबह के समय महसूस हुए तेज झटके
भूकंप के झटके उस समय महसूस हुए जब लोग सुबह सोकर उठ रहे थे। अचानक धरती हिलने से लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भूकंप की तीव्रता 5.5 होने के कारण झटके काफी तेज महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी बड़े नुकसान या हताहत की सूचना सामने नहीं आई है।
इससे पहले महाराष्ट्र के पालघर में भी सोमवार रात करीब एक घंटे के भीतर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। दोनों भूकंप की तीव्रता 3.4 थी। पहला झटका रात 10 बजकर 4 मिनट पर आया, जबकि करीब 56 मिनट बाद रात 11 बजे दूसरा झटका महसूस किया गया था।
टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल से आता है भूकंप
भूकंप का मुख्य कारण पृथ्वी के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल है। ये प्लेटें लगातार धीरे-धीरे खिसकती रहती हैं। जब प्लेटों के बीच टकराव या घर्षण के कारण दबाव बढ़ता है और चट्टानें अचानक टूटती हैं, तो बड़ी मात्रा में ऊर्जा बाहर निकलती है। यही ऊर्जा भूकंपीय तरंगों के रूप में धरती की सतह तक पहुंचती है और जमीन हिलने लगती है।
5.0 से 5.9 तीव्रता वाले भूकंप को सामान्य तौर पर काफी तेज माना जाता है। ऐसे झटकों में कमजोर या कच्ची इमारतों को नुकसान पहुंच सकता है और भारी सामान भी अपनी जगह से खिसक सकता है। मजबूत इमारतों में भी दरारें आने की संभावना रहती है।



