चंद्रशेखरन के इस्तीफे की खबर से टाटा शेयरों में भूचाल, एक दिन में 68 हजार करोड़ की मार्केट वैल्यू घटी

मुंबई। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के अगले कार्यकाल के लिए दोबारा नियुक्ति नहीं लेने के ऐलान के बाद टाटा ग्रुप की कई कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। बुधवार को हुई बिकवाली के चलते टाटा ग्रुप की कंपनियों की कुल बाजार पूंजी में करीब 68 हजार करोड़ रुपये की कमी आई। सबसे ज्यादा दबाव टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयर पर देखने को मिला।
TCS समेत इन कंपनियों के शेयर गिरे
TCS का शेयर कारोबार के दौरान 5 फीसदी से अधिक नीचे चला गया और अंत में NSE पर 3.93 फीसदी की गिरावट के साथ 2,349.70 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में करीब 1.5 फीसदी और टाइटन कंपनी में 0.57 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इसके अलावा टाटा स्टील 1.09 फीसदी और इंडियन होटल्स कंपनी 0.52 फीसदी नीचे रही। टाटा टेक्नोलॉजीज, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों में भी करीब 2 फीसदी तक की गिरावट आई। टाटा एलेक्सी 2.23 फीसदी, ट्रेंट 0.86 फीसदी और टाटा पावर 0.53 फीसदी फिसला।
चंद्रशेखरन के फैसले से बाजार में बढ़ी चिंता
यह भी पढ़े :-शेयर बाजार की हल्की तेजी के साथ शुरुआत, Nifty 24,600 के पार; ऑटो शेयरों में जोरदार खरीदारी
एन. चंद्रशेखरन ने कहा है कि 20 फरवरी 2027 को उनका मौजूदा कार्यकाल पूरा होने के बाद वह दोबारा नियुक्ति नहीं लेना चाहते हैं। उनके 2017 में टाटा संस के चेयरमैन बनने से पहले वह TCS के CEO रह चुके हैं। वह 1987 में टाटा ग्रुप से जुड़े थे।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबे समय से टाटा ग्रुप की कमान संभाल रहे चंद्रशेखरन के जाने की खबर से निवेशकों की चिंता बढ़ी है। हालांकि, नए चेयरमैन की नियुक्ति के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसी दौरान व्यापक बाजार में भी कमजोरी रही। सेंसेक्स 187.90 अंक गिरकर 77,966.35 और निफ्टी 35.75 अंक की गिरावट के साथ 24,435.95 पर बंद हुआ।



